CG NEWS:दामाखेड़ा अब कबीर धर्म नगर दामाखेड़ा हुआ: अधिसूचना जारी, कबीर पंथियों की आस्था को मिली आधिकारिक पहचान

बलौदा बाजार: जिले के सिमगा विकासखंड स्थित दामाखेड़ा अब अपने नए और आधिकारिक नाम से जाना जाएगा. राज्य शासन द्वारा राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित किए जाने के साथ ही दामाखेड़ा का नाम विधिवत रूप से “कबीर धर्म नगर दामाखेड़ा” कर दिया गया है. इस निर्णय के साथ ही कबीर पंथियों की आस्था के इस प्रमुख केंद्र को वह पहचान मिली है, जिसकी मांग लंबे समय से की जा रही थी. यह फैसला केवल नाम परिवर्तन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दामाखेड़ा की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को संवैधानिक मान्यता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. शासन की अधिसूचना जारी होते ही क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है.

वर्षों पुरानी मांग को मिली स्वीकृति

दामाखेड़ा लंबे समय से कबीर पंथियों का प्रमुख धार्मिक केंद्र रहा है. यहां हर वर्ष माघ पूर्णिमा के अवसर पर विशाल संत समागम समारोह और माघी मेले का आयोजन होता है, जिसमें देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं. कबीर पंथ से जुड़े संत, महंत और अनुयायी लंबे समय से यह मांग कर रहे थे कि दामाखेड़ा की पहचान को कबीर धर्म से जोड़ा जाए, ताकि इसकी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता को आधिकारिक रूप से स्वीकार किया जा सके.

अब शासन के इस निर्णय से उनकी यह मांग पूरी हो गई है. कबीर धर्म नगर दामाखेड़ा नाम से यह स्थान न केवल धार्मिक मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से उभरेगा, बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नया आयाम मिलेगा.