CG NEWS:बिलासपुर में लड़कियों के गैंग का आतंक, सड़क पर लड़की को पीटा, फिर इंस्टा पर पूछा- कैसा लगा..Video

बिलासपुर।* अपराधियों में कानून का डर खत्म हो गया है। शहर के पॉश इलाके कहे जाने वाले सिविल लाइन क्षेत्र में लड़कियों के गुट के बीच सड़क पर जमकर मारपीट हो गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि 4 से 5 लड़कियों ने मिलकर एक लड़की को घेर लिया। उसके बाल खींचे, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। आसपास खड़े लोग तमाशा देखते रहे, कोई बचाने नहीं आया। इससे भी ज्यादा हैरानी की बात ये है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर स्टेटस लगाकर पूछा – कैसा लगा?

लचर कानून व्यवस्था से बढ़ रहे हौसले
स्थानीय लोगों का कहना है कि लचर कानून व्यवस्था का लाभ उठा अब लड़कियां भी गैंग बनाने लगी हैं। सरेआम मारपीट और फिर सोशल मीडिया पर खुलेआम चुनौती देना, कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।

पुलिस की कार्रवाई क्या हुई?
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सिविल लाइन पुलिस हरकत में आई है। पुलिस ने बताया कि वीडियो के आधार पर लड़कियों की पहचान की जा रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जल्द ही सभी के खिलाफ शांति भंग और मारपीट की धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

“वीडियो संज्ञान में आया है, जांच की जा रही है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।” – सिविल लाइन थाना प्रभारी