CG crime:Durg में BJP नेता पर चाकू से हमले का Live Videoउतई थाने के ग्राम जोरातरई में सुबह चाय पी रहें भाजपा नेता राजेंद्र यादव पर चाकू से हमला, गले में गंभीर चोट

दुर्ग जिले में शनिवार सुबह चाकूबाजी की एक सनसनीखेज घटना से हड़कंप मच गया। रिसाली नगर निगम के वार्ड 37 जोरातराई में एक भाजपा नेता पर युवक ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में भाजपा नेता राजेंद्र सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि आरोपी ने उनके गले पर वार किया, जिसके बाद वे मौके पर ही गिर पड़े।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल राजेंद्र यादव को तत्काल भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया। यहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है। दूसरी ओर, हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

बताया गया कि राजेंद्र सिंह यादव शनिवार सुबह जोरातराई के एक स्थानीय होटल में चाय पीने के लिए पहुंचे थे। वे होटल में बैठे हुए थे, तभी एक युवक वहां आया। कुछ ही देर में युवक ने उन पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमलावर ने राजेंद्र यादव के गले को निशाना बनाया। अचानक हुए हमले से होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। गंभीर चोट लगने के बाद राजेंद्र यादव वहीं गिर पड़े।

घटना के बाद आरोपी वहां से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने घायल भाजपा नेता को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि राजेंद्र यादव की आरोपी युवक से करीब चार साल पहले दोस्ती थी। हालांकि दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत नहीं थी। ऐसे में अचानक हुए हमले को लेकर पुलिस पुरानी दोस्ती और आपसी विवाद समेत अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि आरोपी ने किस वजह से भाजपा नेता पर हमला किया। पुलिस घटना से पहले दोनों के बीच किसी तरह के विवाद की जानकारी भी जुटा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हमले के पीछे की वास्तविक वजह सामने आएगी।