CG NEWs:दुर्ग -गोल्ड ETF में 10% मासिक लाभ का झांसा देकर ठगी, HDFC बैंक का रिलेशनशिप मैनेजर गिरफ्तार

दुर्ग।* सुपेला पुलिस ने निवेश के नाम पर ठगी करने वाले HDFC बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर राजकुमार तिवारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बड़े बैंक खाताधारकों की जानकारी निकालकर गोल्ड ETF में निवेश पर 10 प्रतिशत मासिक लाभ का लालच देकर ठगी करने का आरोप है। थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 961/2026 धारा 318(2), 318(4), 61(2), 111(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्या है मामला –
प्रार्थी राजू नामदेव निवासी सेक्टर-07 भिलाई ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी योगेश साहू और अन्य ने 10 प्रतिशत मासिक लाभ का झांसा देकर उसे विश्वास में लिया। अन्य ग्राहकों के बैंक स्टेटमेंट दिखाकर योजना को विश्वसनीय बताया गया। प्रार्थी ने 21.03.2025 को 15 लाख रुपये आरोपियों के बताए खाते में ट्रांसफर किए। शुरू में लाभांश दिया गया, फिर देना बंद कर दिया गया।
विवेचना में मोहम्मद रफी, साधना मिश्रा, शिबा शेख सहित अन्य निवेशकों के कथन और बैंक दस्तावेजों से राजकुमार तिवारी की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर रहते हुए बड़े रकम वाले खाताधारकों की जानकारी लेता था, फिर उन्हें गोल्ड ETF में निवेश का प्रलोभन देता था। निवेशकों से चेक लेकर मुख्य आरोपी योगेश साहू के खाते में राशि जमा कराता था और विश्वास बनाए रखने के लिए शुरुआती लाभांश अपने खाते से देता था।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर थाना सुपेला पुलिस ने आरोपी राजकुमार तिवारी उम्र 37 वर्ष निवासी एलआईजी क्वार्टर नंबर 11/3 नेहरू नगर ईस्ट भिलाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी एस.एन. सिंह, उनि धनेश्वर साहू, आरक्षक कमल साहू और प्रदीप सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अधिक लाभ का लालच देने वाली योजनाओं में बिना सत्यापन के राशि जमा न करें।