थाईलैंड मास्टर्स 2026: भारत की देविका सिहाग ने पहला BWF वर्ल्ड टूर खिताब जीता।

भारत की देविका सिहाग ने थाईलैंड मास्टर्स 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को पटुमवान में महिला एकल खिताब अपने नाम कर लिया।

फाइनल मैच में मलेशिया की वर्ल्ड नंबर 68 गोह जिन वेई महिला एकल बैडमिंटन रैंकिंग में 63वें स्थान पर काबिज देविका सिहाग से 21-8, 6-3 से पिछड़ने के बाद चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। इस तरह सिहाग ने अपना पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीता।

इस टूर्नामेंट के अपने पिछले राउंड में हाई रैंकिंग वाली खिलाड़ियों को हराने के बाद, देविका सिहाग ने फाइनल में भी अपनी फॉर्म बरकरार रखी और पहले गेम में दबदबा बनाए रखते हुए जीत हासिल की। 

इसके बाद दो बार की जूनियर वर्ल्ड चैंपियन गोह जिन वेई को दूसरे गेम में चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।

देविका ने BWF सुपर 300 टूर्नामेंट में बड़े-बड़े खिलाड़ियों को हराया। पहले राउंड में सीनियर हमवतन खिलाड़ी अश्मिता चालिहा को हराने के बाद, उन्होंने क्वार्टर-फाइनल से पहले वर्ल्ड नंबर 42 खिलाड़ी तुंग सिउ-टोंग (चीनी ताइपे) को मात दी।

क्वार्टर–फाइनल में वर्ल्ड नंबर 16 और शीर्ष वरीयता प्राप्त थाईलैंड की सुपानिडा कटेथोंग को हराना देविका के उभरते करियर की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि थी।

उन्होंने सेमीफाइनल में भी एक और बड़ा उलटफेर करते हुए वर्ल्ड नंबर 35 खिलाड़ी हुआंग यु-हुन (चीनी ताइपे) को सीधे गेम में हराया।

यह देविका सिहाग का पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब था। 

इसके साथ ही यह इस साल किसी भी भारतीय द्वारा जीता गया पहला खिताब भी है। वह बीडब्ल्यूएफ इंटरनेशनल सर्किट में तीन बार की विजेता भी हैं।

20 वर्षीय खिलाड़ी देविका पिछले साल दूसरे इंडोनेशिया मास्टर्स में उपविजेता रही थीं, लेकिन रैंकिंग अंक के बावजूद बीडब्ल्यूएफ सुपर 100 टूर्नामेंट वर्ल्ड टूर के दायरे से बाहर है।

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अब मंगलवार से शुरू होने वाले जर्मन ओपन 2026 में खेलती  नजर आएंगी।