रायपुर | कबीर नगर डकैती कांड में 5 और हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार — अब तक 8 पकड़ाए!

    रायपुर। कबीर नगर थाना क्षेत्र में दर्ज डकैती प्रकरण में पुलिस ने फरार चल रहे 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
    थाना कबीर नगर के अपराध क्रमांक 217/26 धारा 127(2), 310(2) बीएनएस के मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पूर्व में संदीप नेताम, अजीत भारती और उमेन्द्र ठाकुर को गिरफ्तार कर उनसे करीब 17 लाख रुपए कीमत के लूटे गए सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन जप्त किए थे।
    उनसे पूछताछ के बाद फरार आरोपियों की तलाश में दबिश देकर 5 आरोपी – समीर सोनी उर्फ बुच्ची, रामा मरकाम (देवार), गोकुल यादव, संदीप नागरिया और कृष्णा देवार को गिरफ्तार किया गया।
    पुलिस के अनुसार सभी आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। समीर सोनी थाना तेलीबांधा में चोरी-मारपीट, रामा मरकाम मंदिर हसौद में चोरी, गोकुल यादव तेलीबांधा और विधानसभा में चोरी-बलवा, संदीप नागरिया तेलीबांधा में चोरी और आबकारी एक्ट के मामलों में पहले जेल जा चुके हैं।
    पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।