रायपुर: जबरन धर्म परिवर्तन के लिए प्रताड़ना, बजरंग दल की पहल पर तेलीबांधा थाने में FIR दर्ज

रायपुर (R Khulasa)।* राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र के सतनामी पारा इलाके में एक महिला को जबरन धर्म परिवर्तन के लिए प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। मामले में बजरंग दल, रायपुर की पहल पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज की है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि वह हिन्दू धर्म को मानने वाली है और उसका विवाह वर्ष 2023 में हिन्दू रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के बाद से ही उसके पति और सास-ससुर द्वारा उसे हिन्दू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने के लिए लगातार दबाव डाला जा रहा था। धर्म परिवर्तन से इंकार करने पर उसे प्रताड़ित किया जाता था।

पीड़िता के अनुसार, दिनांक 27-09-2026 की रात करीब 8 बजे इसी बात को लेकर विवाद हुआ। धर्म बदलने से मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता पीड़िता के सहयोग के लिए आगे आए। बजरंग दल के पदाधिकारियों ने पीड़िता को लेकर थाना तेलीबांधा पहुंचकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

बजरंग दल ने कहा है कि इस प्रकार जबरन धर्म परिवर्तन कराना और हिन्दू महिला की धार्मिक भावनाओं को आहत करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।