Raipur breaking news:लॉरेंस गैंग के नाम पर धमकी केस: फरार शोएब ढेबर पर 5 हजार इनाम घोषित, तलाश तेज

रायपुर के चर्चित 25 करोड़ रंगदारी केस में बड़ी अपडेट सामने आई है। कारोबारी आनंद कुकरेजा को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देने के मामले के आरोपी शोएब ढेबर (26) फरार चल रहा है। पुलिस ने उस पर 5 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है।

पूरा मामला क्या है?

14 सितंबर को आनंद कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से WhatsApp कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का बताया और 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। धमकी दी कि पैसे नहीं दिए तो परिवार को खत्म कर देंगे। इस पर तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि धमकी देने के लिए जांजगीर-चांपा और हरियाणा के युवकों का इस्तेमाल किया गया। एक युवक ने पूछताछ में बताया कि उसे धमकी भरा कॉल करने के लिए 5 हजार रुपए दिए गए थे। युवक रायपुर के एक होटल में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है और होटल के Wi-Fi से इंटरनेट कॉल करवाई जाती थी ताकि लोकेशन ट्रेस न हो।

पूछताछ में युवक ने शोएब ढेबर का नाम लिया। शोएब शराब घोटाले के आरोपी अनवर ढेबर का बेटा बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे मेमन समाज के कार्यक्रम से हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके पास से 5 महंगे iPhone जब्त किए।

लेकिन रिमांड कोर्ट ने गिरफ्तारी की सूचना में तकनीकी खामी के चलते उसे स्वतंत्र कर दिया। इसके बाद पुलिस ने CJM कोर्ट से दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति ले ली है।

अब क्या हो रहा है?

CJM कोर्ट से अनुमति मिलते ही रायपुर पुलिस ने शहर के 6 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ दबिश दी – बैरनबाजार स्थित निवास, शंकर नगर का पॉम बेलाजियो अपार्टमेंट, फाफाडीह का होटल वेलिंगटन कोर्ट और VIP रोड के एक होटल में। लेकिन शोएब मौके से फरार मिला।

पुलिस के अनुसार शोएब के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं और आशंका है कि वह विदेश फरार हो गया है। पुलिस ने अब उस पर 5 हजार का इनाम घोषित किया है और तलाश तेज कर दी है।