रायपुर।* राजधानी के पॉश इलाके वीआईपी सिटी सड्डू, सेक्टर-6 में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां पुलिस लाइन में पदस्थ एएसआई नागेंद्र सिंह के बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया है।
जानकारी के अनुसार एएसआई नागेंद्र सिंह कुछ दिनों से काम के सिलसिले में पटना गए हुए थे। घर में ताला लगा था और कोई मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर में सेंध लगाई।
चोरों की शातिर चाल:
वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे का मुंह आसमान की ओर घुमा दिया, ताकि उनकी तस्वीर कैमरे में कैद न हो सके। इसके बाद उन्होंने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए।
अंदर दो अलग-अलग कमरों में रखी अलमारियों के ताले तोड़े गए। अलमारी में रखे लगभग 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 85 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 85 हजार रुपये बताई जा रही है।
लौटने पर चला पता:
जब एएसआई पटना से वापस लौटे तो घर के टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत विधानसभा थाने को सूचना दी।
सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
आर खुलासा का सवाल: जब पुलिस वाले का घर ही सुरक्षित नहीं है, तो आम आदमी अपने घर को कैसे सुरक्षित समझे?

