मुंबई के सायन इलाके के अनिक BEST डिपो (RTO पासिंग एरिया) में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। डिपो में खड़ी 10 BEST बसों में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
कैसे लगी आग?
बताया जा रहा है कि शुरुआत में डिपो में खड़ी एक खाली इलेक्ट्रिक / CNG मिडी बस में आग लगी थी। उसके बाद आग फैलती चली गई और पास में खड़ी 9-10 अन्य बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ये सभी बसें प्राइवेट ऑपरेटर डागा ग्रुप की वेट-लीज AC मिडी CNG बसें थीं, जो BEST के बेड़े में नई शामिल की गई थीं।
धमाकों से दहला इलाका:
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के दौरान CNG टैंकों में तेज धमाके भी सुने गए, जिससे आसपास के इलाके में काले धुएं का गुबार उठ गया। यह धुआं कई किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था।
दमकल विभाग का एक्शन:
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड ने इसे लेवल-1 की आग घोषित किया। मौके पर 4 फायर इंजन, 5 पानी के टैंकर और अन्य गाड़ियां भेजी गईं। करीब एक से ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
राहत की बात:
गनीमत रही कि जिस समय आग लगी, बसों में कोई यात्री मौजूद नहीं था, इसलिए किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। BEST प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।
मुंबई में पिछले कुछ महीनों में BEST बसों में आग लगने की घटनाएं बढ़ी हैं, जिस पर सवाल उठ रहे हैं।

