यूपी के मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर वॉल्वो बस और ट्रेलर की भीषण टक्कर में 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए..Video

मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। माइलस्टोन 112 और 113 के बीच सवारियों से भरी एक वॉल्वो बस और ट्रेलर में हुई जोरदार भिड़ंत में 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 20 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य संभाला।

हादसा मंगलवार को तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुआ। पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। बस में फंसे सभी 20 घायल यात्रियों को निकालकर तुरंत एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया गया है।

लखनऊ से दिल्‍ली जा रही थी बस

हादसे की शिकार बस बस लखनऊ से दिल्‍ली जा रही थी। बिहार नंबर की प्राइवेट बस सवारियां लेकर दिल्‍ली जा रही थी। वहीं, राजस्‍थान नंबर का गिट्टी से भरा ट्रेलर एक्‍सप्रेसवे की तीसरी लेन पर चल रहा था। तेज रफ्तार बस उसमें पीछे से जा घुसी। बस का अगला हिस्‍सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्‍त हो गया। टक्‍कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर दहशत फैल गई।

मृतकों की अभी नहीं हो पाई शिनाख्‍त

हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोगों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस उनके पास से मिले दस्तावेजों और सामान के आधार पर शिनाख्त के प्रयास कर रही है, ताकि परिजनों को जल्द से जल्द सूचित किया जा सके।

कुछ घायल यात्रियों की हालत गंभीर

प्राथमिक जांच में हादसे का कारण ड्राइवर को नींद का झोंका आना माना जा रहा है। घायल यात्रियों में कुछ लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने एंबुलेंस के जरिये सभी घायलों को नजदीकी अस्‍पताल में भर्ती कराया है।