DJ वाले बाबू अंदर हो गए :रायपुर के थाना गोलबाजार इलाके में ईद जुलूस के बाद बिना अनुमति और तय समय सीमा के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने वालों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई!

रायपुर। राजधानी रायपुर में ईद के मौके पर निकाले गए जुलूस के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। गोलबाजार थाना पुलिस ने तेज आवाज में DJ बजाने और पुलिस से हुज्जतबाजी करने के अलग-अलग मामलों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक DJ वाहन भी जब्त किया है। आरोपियों को विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक 26 अगस्त को जवाहर मार्केट के पास जुलूस समाप्त होने के बाद भी DJ और लाइट का संचालन किए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने संबंधित लोगों को DJ बंद करने और निर्धारित नियमों का पालन करने की समझाइश दी।

पुलिस के अनुसार मौके पर चुन्नम लाल साहू और सुनील निर्मलकर जुलूस समाप्त होने के बाद भी DJ और लाइट का संचालन कर रहे थे। पुलिसकर्मियों ने दोनों को DJ बंद करने के लिए कहा।

आरोप है कि समझाइश के बावजूद दोनों ने पुलिसकर्मियों से बहस और हुज्जतबाजी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई की।

पुलिस ने मौके से DJ वाहन को जब्त कर लिया। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

इसके साथ ही शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर दोनों को विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इसी दौरान मालवीय रोड क्षेत्र में भी हंगामे का एक मामला सामने आया। पुलिस के मुताबिक शेख फैजान नामक युवक को स्थानीय लोगों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि वह और अधिक आक्रोशित होकर विवाद करने लगा।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ मौजूद दो नाबालिगों को समझाइश देकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

शेख फैजान के खिलाफ भी शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। उसे विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस ने नियमों का पालन करने की अपील की

रायपुर पुलिस ने धार्मिक आयोजनों और जुलूसों के दौरान अनुमति, निर्धारित समय और ध्वनि सीमा से जुड़े नियमों का पालन करने की अपील की है।

पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तेज आवाज में DJ बजाने, सार्वजनिक स्थानों पर विवाद करने या शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।