बिलासपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस ने मादक पदार्थ गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 किलो 396 ग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी गांजा ट्रॉली बैग में रखकर बिक्री के लिए ले जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में तारबाहर पुलिस की टीम को गांजा तस्करी की सूचना मिली।
मुखबिर ने सूचना दी कि एक व्यक्ति सेरसा मैदान रोड, तारबाहर के पास ट्रॉली बैग में गांजा लेकर सरकंडा की ओर बिक्री करने जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 6.396 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपी की पहचान आकाश श्रीवास (25), पिता राजकुमार श्रीवास, निवासी अशोक विहार फेस-2, थाना सरकंडा, बिलासपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा झारसुगुड़ा से बिक्री के लिए लेकर आया था। मामले में थाना तारबाहर में अपराध क्रमांक 319/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

