भिलाई के सूर्या टीआई मॉल के सेकंड फ्लोर पर संचालित स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की शिकायत के बाद पुलिस ने औचक जांच और कार्रवाई की। एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल के निर्देश पर सीएसपी निशांत पाठक और डीएसपी IUCAW भारती मरकाम की टीम ने सुपेला थाना पुलिस और स्मृति नगर चौकी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर स्पा सेंटर की जांच की।
कार्रवाई के दौरान सुपेला थाना प्रभारी एसएन सिंह और स्मृति नगर चौकी प्रभारी अमित अंडानी भी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। पुलिस के पहुंचने पर स्पा सेंटर के अंदर कुछ युवतियां और अन्य लोग मौजूद मिले, जिन्हें पुलिस ने बाहर निकाला। बताया गया कि जिस हिस्से में स्पा सेंटर संचालित था, वह सोल्ड प्रॉपर्टी है और मॉल प्रबंधन की ओर से वहां बिजली और पानी की सप्लाई भी बंद कर दी गई है।
पुलिस ने मौके पर मौजूद युवतियों से पूछताछ की और पूरे मामले की जांच की। जांच के बाद करीब 7 से 8 युवतियों के खिलाफ बाउंड ओवर यानी मुचलका पाबंद की कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य भविष्य में किसी भी तरह की संदिग्ध या अवैध गतिविधि को रोकना है।
हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार के अनैतिक कार्य की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक ने स्पष्ट किया है कि स्पा सेंटर की आड़ में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर में संचालित स्पा सेंटरों पर लगातार चेकिंग की जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

