दुर्ग/ रात्रि लगभग 10:00 बजे थाना अण्डा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खाड़ा के स्कूल पारा में आपसी विवाद के दौरान मारपीट की घटना घटित हुई। मृतक शम्भू निषाद उर्फ देवचरण, उम्र लगभग 45 वर्ष, जो विगत कई वर्षों से गुजरात में निवासरत था, गांव आगमन के दौरान आरोपियों संतोष कुमार यादव एवं रोहित कुमार यादव के साथ विवाद में उलझ गया।
विवाद के दौरान आरोपियों द्वारा हाथ-मुक्का एवं लात से मारपीट की गई, जिससे मृतक को गंभीर अंदरूनी चोटें आई। परिजनों द्वारा तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां दिनांक 13.04.2026 को चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किया गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना अण्डा में अपराध क्रमांक 40/2026 धारा 103, 3(5) BNS के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना के पश्चात आरोपी फरार हो गए थे, जिनकी पतासाजी हेतु पुलिस टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर आरोपी संतोष कुमार यादव को कुथरेल क्षेत्र से तथा आरोपी रोहित कुमार यादव को रायपुर से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
घटना का कारण : आपसी विवाद के दौरान उत्पन्न विवाद एवं मारपीट
घटनास्थल : स्कूल पारा, ग्राम खाड़ा, थाना अण्डा, जिला दुर्ग
आरोपी का नाम :
- संतोष कुमार यादव, उम्र 44 वर्ष, निवासी ग्राम खाड़ा थाना अण्डा जिला दुर्ग
- रोहित कुमार यादव, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम खाड़ा थाना अण्डा जिला दुर्ग
दुर्ग पुलिस की अपील : दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें एवं विवाद का समाधान शांतिपूर्ण एवं वैधानिक माध्यम से करें। किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

