Toran Kumar reporter: Raipur.छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से बड़ी खबर निकलकर सामने आई है। देर रात ड्राइवर को झपकी आने से कार बेकाबू होकर नाले में गिर गई और डोर लॉक होने से 5 लोग अंदर ही फंसे रह गए। इस दर्दनाक हादसे में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष समेत 2 लोगों की मौत हो गई। घटना फिंगेश्वर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, सभी कार में बिलाईगढ़ से 5 लोग सवार होकर गरियाबंद के भूतेश्वर नाथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रविवार देर रात 2 बजे कार चला रहे पंकज दास को झपकी आ गई। जिस कारण कार एक पत्थर से टकराकर सीधे नाले में गिर गई। सुबह लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया, तब तक भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष समेत 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हैं।
बताया जा रहा है कि, कार के नाले में गिरने से सभी गेट लॉक हो गए। जिससे पांचों लोग अंदर ही फंस गए। वो रात भर चीखते-चिल्लाते रहे। जब सुबह करीब 5 से 6 बजे लोग शौच के लिए नाले के पास पहुंचे, तो उनकी नजर कार पर पड़ी। जिसके बाद गेट तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया।
मृतकों के नाम
हादसे में अपनी जान गवाने वालों की पहचान बिलाईगढ़ जिले के भटगांव निवासी लोकेश साहू (35) और पंकज दास मानिकपुरी (38) भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष के रूप में हुई है। वहीं राजेश कुमार आदित्य, ननकी साहू और दयाराम यादव घायल हैं। तीनों घायलों को फिंगेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। फिलहाल मृतकों के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।