रायपुर:*राजधानी के तेलीबांधा थाना इलाके में आने वाली लाभांडी BSUP कॉलोनी में आज सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।
स्थानीय लोगों ने शव देखा तो तुरंत पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। साथ में जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया।
मृतक की पहचान कॉलोनी में ही रहने वाले 40 साल के युवक के रूप में हुई है। उसके सिर और शरीर के दाहिने हिस्से में गहरी चोट के निशान मिले हैं, और जमीन पर काफी खून पड़ा था।
शुरू में आशंका जताई गई कि हत्या कर शव फेंका गया है, लेकिन मौके की स्थिति देखकर पुलिस छत से गिरने से मौत की संभावना पर भी जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पीएम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। तब तक हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।

