उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां पर अभद्र टिप्पणी करने वाले बिहार के मौलाना अब्दुल्लाह सलीम चतुर्वेदी पर यूपी पुलिस का शिकंजा कस गया है। मौलाना की गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को उसे जेल भेज दिया गया। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने मौलाना को बिहार से गिरफ्तार किया था और इसके बाद आज टीम उसे बहराइच लेकर आई। यहां नगर कोतवाली में मौलाना से करीब 30 मिनट तक लंबी पूछताछ हुई। पूछताछ के बाद आरोपी मौलाना को बहराइच की अदालत में पेश किया गया और इस दौरान उसका वीडियो भी सामने आया। वीडियो में मौलाना लंगड़ाते हुए दिखा।
मौलाना अब्दुल्लाह सलीम चतुर्वेदी ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर सीएम योगी आदित्यनाथ और उनकी मां पर अभद्र टिप्पणी की थी। उसकी टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे यूपी में आक्रोश फैल गया और मौलाना पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठी। प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित कई शहरों में लोग मौलाना के खिलाफ सड़कों पर उतरे। साथ ही मौलाना के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दी गई।
बहराइच में दर्ज हुआ था मौलाना पर केस
बहराइच में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के विधि प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने 8 मार्च को नगर कोतवाली में तहरीर देकर अलग-अलग धाराओं- 153A, 295A, 504 और 505 के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद यूपी एसटीएफ ने बिहार में छापेमारी कर मौलाना अब्दुल्लाह सलीम चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया और सीधे बहराइच ले आई।
अन्य मुकदमों में भी होगी मौलाना से पूछताछ
बहराइच कोतवाली पहुंचने पर एसपी सिटी और अन्य पुलिस अधिकारियों ने मौलाना से लंबी पूछताछ की। पूछताछ में मौलाना ने टिप्पणी करना तो कबूल किया लेकिन साथ ही सफाई देने की भी कोशिश की। इसके बाद अदालत में उसे पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। इस दौरान मौलाना लंगड़ाते हुए नजर आया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और मौलाना से अन्य जिलों के मुकदमों में भी पूछताछ होगी।
बहराइच पुलिस ने की अपील
वहीं, मौलाना की गिरफ्तारी पर विश्व हिंदू परिषद सहित अन्य संगठनों ने खुशी जताते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर नफरत भरी बयानबाजी करने वालों को इससे सबक मिलेगा। इस तरह की हरकतें सामाजिक सौहार्द बिगाड़ती हैं। बहराइच पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि अगर उनके सामने इस तरह की आपत्तिजनक बयानबाजी का मामला आता है तो तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।

