TCS केस: महिला आरोपी निदा खान गिरफ्तार नासिक पुलिस ने निदा खान को हिरासत में ले लिया है,क्योंकि वह कथित तौर पर 25 मार्च से फरार थी।

महाराष्ट्र के नासिक जिले में IT कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (TCS) पर जबरन धर्मांतरण, यौन शोषण और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोपों में पुलिस लगातार जांच कर रही है. इसी क्रम में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. TCS मामले में फरार चल रही महिला आरोपी निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार कर लिया गया है. यह कार्रवाई नासिक क्राइम ब्रांच और छत्रपति संभाजीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की.

पुलिस द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक, 25 मार्च से फरार चल रही निदा खान की तलाश में नासिक पुलिस की दो टीमें लगातार जुटी हुई थीं. आखिरकार उसे छत्रपति संभाजीनगर के नारेगांव स्थित कैसर कॉलोनी के एक फ्लैट से हिरासत में लिया गया है.

परिवार के साथ एक फ्लैट में थी आरोपी निदा खान

सूत्रों की मानें तो उस फ्लैट में निदा खान के साथ उसकी मां, पिता, भाई और मौसी सहित कुल पांच लोग रह रहे थे. गिरफ्तारी के बाद निदा खान को रात में कोर्ट में पेश किया गया, जिके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. 

इससे पहले स्थानीय अदालत ने निदा खान की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी. SIT ने कोर्ट में अब तक की जांच रिपोर्ट पेश की और निदा की जमानत का कड़ा विरोध किया. इससे भी पहले, 20 अप्रैल को कोर्ट ने निदा को अंतरिम सुरक्षा देने से भी इनकार कर दिया था. 

इस मामले में निदा खान से पहले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर कस्टडी में लिया गया है. अब तक इस मामले में कुल 9 एफआईआर दर्ज हुई हैं. एक मामला देवलाली कैंप पुलिस थाना और बाकी मुंबई नाका में दर्ज किए गए हैं. टीसीएस मामले के मुख्य आरोपी सैफी शेख और रजा मेमन हैं. 

TCS केस में सीएम देवेंद्र फडणवीस भी सख्त

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले को ‘बेहद गंभीर’ बताया और जानकारी दी कि सरकार इस मामले की जांच कर रही है. सीएम फडणवीस ने कहा कि राज्य एजेंसियां इन्वेस्टिगेशन कर विस्तार से रिपोर्ट तैयार कर रही हैं ताकि इस गंभीर मामले की तह तक जाया जा सके और पता लगाया जा सके कि टेक हब में यौन शोषण और लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत करने का काम कौन कर रहा है.