दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार कर ISIS के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक आई.एस.आई.एस. आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी दिल्ली में एक आई.ई.डी. विस्फोट करने की योजना बना रहे थे।

आरोपियों का संपर्क तुर्की-सीरिया सीमा के पास स्थित आई.एस.आई.एस. हैंडलर के साथ था। पुलिस ने उनके पास से संदिग्‍ध तस्वीरें, लैपटॉप, पेन ड्राइव और आई.एस.आई.एस. से संबंधित दस्तावेजों सहित आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।

नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, दिल्‍ली पुलिस अपर-उपायुक्‍त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने कहा कि दोनों आरोपियों को 16 और 18 अक्टूबर को दिल्ली और भोपाल से गिरफ्तार किया गया। उन्‍होंने बताया कि आगे की जांच जारी है।