राजस्थान न्यूज़:सीएम भजनलाल की नई योजना, घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाने पर मिलेंगे 10 हजार रुपए

    Sheikh Irfan

     जयपुर। आज के दौर में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाएँ और इनमे होने वाली मौत देश की सरकारों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। देश के अलग-अलग राज्यों में हर दिन लोग सड़क हादसों में अपने जान गँवा रहे हैं, अपंग हो रहे हैं। ऐसे में इनपर रोकथाम और घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाना सरकारों, संस्थाओं के लिए नितांत जरूरी हो गया है।

    बहरहाल राजस्थान प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने पर राज्य सरकार की तरफ से 10000 रुपए की प्रोत्साहन राशि देने का फैसला किया गया है। इसके लिए मुख्यमंत्री आयुष्मान जीवन रक्षा योजना का गठन किया है। वित्त विभाग ने व्यक्तियों के जीवन रक्षा के परिपेक्ष्य में घायल व्यक्ति को न्यूनतम समय में चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराने के दृष्टिगत आमजन को प्रेरित / प्रोत्साहित करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए है।