Raipur news:हायपर क्लब में देर रात जमकर बवाल, युवतियों से अश्लील हरकत करने की कोशिश..आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के VIP रोड स्थित हायपर क्लब में देर रात जमकर बवाल हो गया। क्लब में मौजूद युवतियों के साथ छेड़छाड़ और जबरन हाथ पकड़ने को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट की नौबत आ गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है,जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, गुढियारी निवासी पवन सिंह ठाकुर नशे की हालत में क्लब पहुंचा था। आरोप है कि उसने क्लब में मौजूद नॉर्थ ईस्ट की युवतियों के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। आरोपी ने युवतियों का हाथ पकड़कर अश्लील हरकत करने का प्रयास किया, जिसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।

क्लब में मौजूद लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई

देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और क्लब में मौजूद लोगों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है।

सूचना मिलने पर तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी पवन सिंह ठाकुर के खिलाफ छेड़छाड़ की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी।