Raipur:छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट के कथित मास्टरमाइंड और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को फ्लाइट के जरिए रायपुर लाया गया, जहां पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया।
पुलिस के मुताबिक, बाबू खेमानी लंबे समय से फरार चल रहा था। 13 अप्रैल को गंज थाना में FIR दर्ज होने के बाद वह रायपुर छोड़कर मुंबई भाग गया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने अलग-अलग राज्यों महाराष्ट्र, गोवा और अन्य स्थानों पर दबिश देकर उसे एक होटल से गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन वेबसाइट और ऐप के जरिए IPL मैचों पर सट्टा संचालित कर रहा था। वह पिछले ढाई साल से रेड्डी ग्रुप, बजरंग ग्रुप, मेट्रो 65 और डायमंड मास्टर जैसे पैनलों के जरिए अवैध कारोबार चला रहा था। इसके अलावा, वह “ट्रिपल स्टम्प” ऐप का मुख्य संचालक भी बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, बाबू खेमानी ने पिछले एक साल में ही करीब 2 से 3 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की है। सट्टे के इस नेटवर्क में म्यूल अकाउंट का भी इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे लेन-देन को ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था। BMW कार समेत 60 लाख का सामान जब्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से BMW कार, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित करीब 60 लाख रुपये का सामान जब्त किया है।
इस पूरे मामले में अब तक 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, बाबू खेमानी का भाई करण खेमानी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि वह भी इस अवैध नेटवर्क में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
दुबई कनेक्शन भी आया सामने
जांच के दौरान बाबू खेमानी के दुबई जाने के सबूत भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, वह वहां ट्रेडिंग सीखने गया था, जिसका इस्तेमाल बाद में सट्टा नेटवर्क को मजबूत करने में किया गया।
संपत्ति अटैच करने की तैयारी
पुलिस अब आरोपी की अवैध संपत्ति को अटैच करने की तैयारी में जुटी है। साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। रायपुर पुलिस की यह कार्रवाई ऑनलाइन सट्टा गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। हालांकि, जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

