एक मोबाइल नंबर और फर्जी पते से बने 24 पासपोर्ट, पोस्टमैन करता था डिलीवरी,5 गिरफ्तार

UPकेगाजियाबाद में पासपोर्ट फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। दिल्ली के 24 लोगों ने एक ही मोबाइल नंबर और एक ही फर्जी पते के जरिए गाजियाबाद में पासपोर्ट बनवा लिए। हैरानी की बात यह है कि पासपोर्ट डिलीवरी के लिए पोस्टमैन को भी इस पूरे खेल में शामिल कर लिया गया था। थाने से भी बीट सिपाही से लेकर चौकी इंचार्ज व इंस्पेक्टर की भी रिपोर्ट लगी। अब यह सब जाँच के दायरे में है।

आरोप है कि हर पासपोर्ट पहुंचाने के बदले डाकिया को 2 हजार रुपये दिए जाते थे। डाकिया अरुण लगातार विवेक और प्रकाश नाम के दो आरोपियों को पासपोर्ट पहुंचा रहा था। जांच में खुलासा हुआ कि सभी पासपोर्ट एक ही पते पर बनवाए गए थे, जबकि असली आवेदक वहां रहते ही नहीं थे।

पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से फर्जी दस्तावेज, कई मोबाइल फोन और पासपोर्ट से जुड़े कागजात बरामद किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल किन मकसदों से किया जाना था और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह तो नहीं है।