Karnataka News:फोटो खिंचवाते वक्त कावेरी नदी में गिरा शख्स,घटना कैमरे में कैद..video

mandya_1751903637898_1751903723188.jpg

कर्नाटक के मंड्या जिले के श्रीरंगपटना क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है. यहां एक 36 साल का युवक कावेरी नदी में बह गया. यह हादसा उस समय हुआ, जब वह नदी किनारे रील बनवा रहा था. युवक का नाम महेश था और वह मैसूरु का रहने वाला था.

महेश पेशे से ऑटो चालक था और रविवार को अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने श्रीरंगपटना आया था. फोटो खिंचवाते समय ही इस हादसे का वीडियो उसके दोस्त के कैमरे में रिकॉर्ड हो गया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है

यह घटना सर्व धर्म आश्रम के पास की है, जो कि एक जाना-पहचाना पिकनिक स्पॉट है. जानकारी के अनुसार, महेश नदी किनारे खड़ा होकर फोटो खिंचवाने की कोशिश कर रहा था. तभी उसका पैर फिसल गया और वह सीधे नदी में गिर पड़ा. उस समय कावेरी नदी में पानी का स्तर ऊंचा था और बहाव बहुत तेज था. इसी वजह से महेश कुछ ही सेकंड में पानी में बह गया और आंखों से ओझल हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और आपातकालीन बचाव टीम मौके पर पहुंची. उन्होंने तुरंत तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. महेश की तलाश के लिए नाव और गोताखोरों की मदद ली जा रही है. पुलिस विभाग भी पूरी तरह से इस अभियान में जुटा हुआ है. यह मामला केआरएस पुलिस स्टेशन क्षेत्र में आता है. पुलिस ने जानकारी दी कि अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला है, लेकिन तलाशी अभियान लगातार जारी है.

पलभर में खुशियां मातम में छाई

महेश के दोस्तों ने बताया कि वह काफी खुश था और बार-बार फोटो खिंचवा रहा था. किसी को भी अंदाजा नहीं था कि यह खुशी पल भर में दर्दनाक हादसे में बदल जाएगी. इस घटना ने स्थानीय लोगों और महेश के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. सभी को उम्मीद है कि महेश जल्द से जल्द मिल जाए. यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि प्राकृतिक जगहों पर सावधानी बरतना कितना जरूरी है.

You may have missed