केरल के कन्नूर में बलात्कार और हत्या मामले का दोषी जेल से फरार हो गया है। सौम्या नाम की महिला के रेप एंड मर्डर केस में गोविंदाचामी को दोषी पाया गया। उसे उम्रकैद की सजा हुई, जो कन्नूर सेंट्रल जेल में बंद था। 1 फरवरी, 2011 को 23 वर्षीय सौम्या एर्नाकुलम से शोरानूर के लिए पैसेंजर ट्रेन से जा रही थी। गोविंदाचामी ने उसके साथ बलात्कार किया और फिर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि जेल तोड़कर दोषी वहां से फरार हुआ। पुलिस ने गोविंदाचामी की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया है। कन्नूर टाउन पुलिस के अनुसार, इस मामले में अधिक जानकारी का इंतजार है।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार तड़के गोविंदाचामी की कोठरी की जांच के दौरान उसके लापता होने का पता चला। जेल अधिकारियों ने जेल परिसर और उसके आसपास तत्काल तलाश अभियान चलाया, लेकिन कैदी कहीं नहीं मिला। पुलिस को सतर्क कर दिया गया है और तलाश अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, अब तक उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। कन्नूर टाउन पुलिस ने बताया कि कैदी के जेल से भागने की सूचना उसे सुबह 7 बजे मिली।