चंडीगढ़ : इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है कि हरियाणा सिविल सचिवालय की छत से एक व्यक्ति ने छलांग लगा आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गणेश अरोड़ा के रूप में हुई है। मृतक गणेश अरोड़ा आईएएस हितेश मीणा के सचिव थे। इन्होंने पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गणेश अरोड़ा आईएएस अधिकारी हितेश मीणा के कार्यालय में स्पेशल सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत थे। दोपहर करीब 12:45 बजे वह अपने दफ्तर से बाहर निकले और कथित तौर पर सचिवालय की छठी मंजिल से छलांग लगा दी।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत शोर मचाया और उन्हें तत्काल सेक्टर-16 स्थित गवर्नमेंट मल्टी स्पेशिलिटी हॉस्पिटल , सेक्टर 16 पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कुछ समय से परेशान थे सेक्रेटरी
सूत्रों के मुताबिक, वह पिछले कुछ समय से अपनी पोस्टिंग को लेकर परेशान बताए जा रहे थे। सचिवालय सूत्रों का यह भी कहना है कि यह पहला मौका नहीं था। इसी सप्ताह कथित तौर पर उन्होंने आठवीं मंजिल से कूदने का प्रयास किया था, लेकिन सहकर्मियों ने समय रहते रोक लिया था। इससे पहले भी सातवीं मंजिल से कूदने की कोशिश की बात सामने आई है, जिसमें कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर उन्हें बचाया था।
सुसाइड नोट नहीं हुआ बरामद
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित धाराओं के तहत इन्क्वेस्ट कार्यवाही शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उनके कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों और घटना के समय आसपास मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि घटना के परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
अब तक मौके या उनके कार्यालय से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

