Neeraj Singh Rajpurohit
(Correspondent Rkhulasa)

छत्तीसगढ़ में बड़ा दांव खेलते हुए भाजपा ने एक नए चेहरे को मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान किया है। इस शख्स का नाम विष्णु देव साय है, जानिए उनके बारे में सब कुछ…
छत्तीसगढ़ को आज नया मुख्यमंत्री मिल गया। विष्णु देव साय प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। आज रायपुर स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी। बैठक में भाजपा के पर्यवेक्षक अर्जुन मुंडा, सर्बानंद सोनोवाल और दुष्यंत गौतम भी मौजूद रहे। नवनिर्वाचित विधायकों ने भी इस बैठक में हिस्सा लिया था। सभी की सहमति से ही उनके नाम का बतौर मुख्यमंत्री ऐलान किया गया है। इसके साथ ही भाजपा ने सभी पुराने चेहरों को दरकिनार कर, सभी विवादों और गुटबाजी को इग्नोर करके एक नए चेहरे को छत्तीसगढ़ की कमान सौंप दी। वे अजीत जोगी के बाद दूसरे आदिवासी शख्स हैं, जो छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बने।
•आदिवासी समाज का बड़ा चेहरा विष्णु देव साय:
विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ की राजनीति का बड़ा चेहरा हैं और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके रमन सिंह के करीबी हैं। वे प्रदेश के उस आदिवासी तबके आते हैं, जिसका प्रदेश की राजनीति में अहम योगदान होता है। वे 4 बार सांसद, 2 बार विधायक रह चुके हैं। मोदी सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। 2 बार छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभाल चुके हैं। इनके पास भाजपा संगठन में काम करने का काफी अच्छा और काफी लंबा अनुभव है। विष्णु देव कुनकुरी इलाके के बगिया गांव के रहने वाले हैं।
•गांव का पंच बनकर शुरू किया राजनीतिक सफर:
विष्णु देव ने 1989 में अपना राजनीतिक सफर शुरू किया। वे अपने गांव बगिया के पंच बने। 1990 में निर्विरोध सरपंच चुने गए। 1990 में तपकरा से विधायक बने। 1998 तक वे मध्य प्रदेश विधानसभा सदस्य रहे। 1999 में रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र सांसद बने। 2006 में भाजपा ने उन्हें पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया। 2009 में फिर रायगढ़ लोकसभा से फिर सांसद बने। 2014 में तीसरी बार रायगढ़ से लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बने। साथ ही पहली बार केंद्र में सत्तासीन हुई मोदी सरकार में उन्हें केंद्रीय राज्यमंत्री, इस्पात खान, श्रम, रोजगार मंत्री का पद मिला।
•4 बार सांसद रहे, फिर भी गांव में ही रहते:
27 मई 2014 से 2019 तक विष्णु देव मंत्री पद पर रहे। 2 दिसंबर 2022 को वे राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य बने। 8 जुलाई 2023 को उन्हें राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया। 2020 में वे प्रदेश अध्यक्ष बने। सांसद और केंद्रीय मंत्री भी रहे। इसी मजबूत राजनीतिक करियर की बदौलत भाजपा ने आज उन्हें छत्तीगढ़ के मुख्यमंत्री की कुर्सी सौंप दी। 59 वर्षीय विष्णु देव साय के पिता का नाम राम प्रसाद साय और मां का नाम जशमनी देवी है। वे शादीशुदा हैं और उनकी पत्नी का नाम कौशल्या देवी है। उनका एक बेटा और 2 बेटियां हैं। उनके बारे में खास बात यह है कि सांसद रहने के बावजूद विष्णु देव साय ने गांव नहीं छोड़ा, वे आज भी अपने गांव वाले घर में ही रहते हैं।
