CG NEWS:सरगुजा में पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जब्त 138 किलो गांजे की कीमत 69 लाख रुपए बताई गई है।

छत्तीसगढ़ अंबिकापुर।:सरगुजा में पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, तस्कर गांजे से भरी नई स्कॉर्पियो लेकर जा रहे थे। पुलिस का पीछा करने पर उन्होंने बरगीडीह में स्कॉर्पियो खड़ी कर दी और खुद गन्ने के खेत में छिप गए। पुलिस ने कई घंटे की तलाश के बाद दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस ने स्कॉर्पियो से 138 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 69 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी गांजा ओडिशा से लेकर आ रहे थे। इस मामले में एक आरोपी मौके से भागने में सफल रहा, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। मामला लुंड्रा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले के बगीचा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से थार और स्कॉर्पियो वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। वाहन जशपुर के रास्ते सरगुजा की ओर जाने वाले थे।

सूचना के बाद बगीचा पुलिस ने तस्करों को पकड़ने के लिए सुबह करीब 5:30 बजे बेरिकेडिंग कर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तस्करों ने स्कॉर्पियो को दूसरी तरफ से निकाल लिया और भागने में सफल हो गए।

बगीचा पुलिस ने तस्करों के सरगुजा की ओर भागने की जानकारी जिले की पुलिस को दी। इसके बाद बतौली और लुंड्रा पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग जगहों पर घेराबंदी की।

बतौली थाना क्षेत्र के बिलासपुर के पास पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपी स्कॉर्पियो को लेकर लुंड्रा की ओर भागने लगे। लुंड्रा पुलिस ने भी उनका पीछा करते हुए घेराबंदी की।

पुलिस को सामने देखकर आरोपियों ने बरगीडीह बस्ती में स्कॉर्पियो खड़ी कर दी और वाहन को लॉक करके भाग गए। पुलिस ने उनका पीछा किया तो आरोपी झेराडीह के गन्ने के खेत में जाकर छिप गए।

पुलिस ने कई घंटे तक गन्ने के खेत में आरोपियों की खोजबीन की और दो आरोपियों को पकड़ लिया। एक आरोपी गन्ने के खेतों से होते हुए फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों में यूपी के गाज़ियाबाद निवासी अजय बंसल और बलराज सिंह शामिल हैं। फरार आरोपी का नाम अमन बताया गया है।

एसडीओपी राकेश बघेल ने बताया कि लुंड्रा व बगीचा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर आरोपियों के पास से एक स्कोर्पियो एनटी 0926 डीएल 9414 जी वाहन से 53 पैकेट गांजा बरामद किया।

जब्त 138 किलो गांजे की कीमत 69 लाख रुपए बताई गई है। आरोपियों ने पूछताछ में गांजा ओड़िसा से लेकर आने की जानकारी दी है।

आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों से दो मोबाइल फोन, स्कोर्पियो वाहन भी जब्त किया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।