राजनांदगांव। थाना सोमनी पुलिस ने गौवंश के अवैध परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 नग भैंसों से भरा टाटा आयसर वाहन जब्त किया है। पुलिस ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाहन क्रमांक CG-15-DZ-4514 में मवेशियों को भरकर दुर्ग से राजनांदगांव होते हुए भंडारा महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना पर एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और सीएसपी केपी मरकाम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में टीम ने ठाकुरटोला टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की।
पुलिस को देख चालक ने वाहन को यू-टर्न लेकर दुर्ग की ओर भगाने की कोशिश की। पीछा करने पर ग्राम टेडेसरा में अपना ढाबा के सामने डिवाइडर से टकराकर वाहन अनियंत्रित हो गया। पुलिस ने चालक को पकड़ा, जिसने अपना नाम संगीत मधुकर उर्फ टेटे (30) निवासी पथर्रा, भिलाई-3, दुर्ग बताया। पूछताछ में उसने बताया कि वह साथी राजू पारधी निवासी बुचीडीह सरदा के साथ 18 भैंसों को भंडारा ले जा रहा था।
जब्त संपत्ति –
- 18 नग भैंस, कीमत 1.80 लाख
- टाटा आयसर CG-15-DZ-4514, कीमत 7 लाख
- कुल 8.80 लाख की संपत्ति जब्त
आरोपी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम धारा 11, छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 4,6,10 और BNS की धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट पर जेल दाखिल कराया गया। फरार साथी राजू पारधी की तलाश जारी है।
कार्रवाई में प्रधान आरक्षक दुलेश्वर साहू, बद्रीनाथ दिनकर, आरक्षक तुषार मरकाम, मनोज ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

