बिलासपुर…सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम कुकदा में झाड़-फूंक के बहाने घर में घुसकर नगदी और सोने-चांदी के जेवर ले जाने वाली महिला को पुलिस ने करीब दो साल बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपिया को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है

सीपत थाना क्षेत्र के कुकदा बजरंग चौक निवासी मनीषा कानगो ने 8 दिसंबर 2023 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार उसके माता-पिता ने झाड़-फूंक के लिए रतनपुर थाना क्षेत्र के जाली गांव निवासी जनक राम सौरा और उसकी पत्नी को घर बुलाया था।
झाड़-फूंक के दौरान परिवार ने एक पेटी में 50 हजार रुपये नगद, चांदी की पायल, बिछिया, सोने की फुली और चांदी की अंगूठियां रखकर ताला लगा दिया। चाबी मनीषा की मां के पास रही।
इसके बाद जनक राम सौरा ने परिवार को नींबू देकर घर के आंगन और आसपास गाड़ने के लिए बाहर भेज दिया। कुछ देर बाद दोनों पति-पत्नी यह कहकर चले गए कि रात भर दिया जलने देना और पेटी नहीं खोलना। सुबह पेटी खोली तो नगदी और जेवर गायब मिले।
पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। तलाश के दौरान पता चला कि आरोपी जनक राम सौरा की मौत हो चुकी है और उसकी पत्नी झुनिया बाई उर्फ शांति जमीन-जायदाद बेचकर फरार हो गई है।
सूचना पर बनियाडीह में पकड़ में आई
14 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि चकरभाठा क्षेत्र की कुछ महिलाएं बनियाडीह में घूम रही हैं। पुलिस टीम ने महिला आरक्षक के साथ उन्हें बुलाकर पूछताछ की। शुरू में महिला ने गलत नाम-पता बताया, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान झुनिया बाई सौरा उर्फ शांति (55 वर्ष) निवासी जाली, हाल मुकाम चकरभाठा सौरा मोहल्ला बताई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

