CG NEWS:धमतरी। टोल टैक्स से बचने और आमजन पर धौंस जमाने के लिए फर्जी सीआइडी अधिकारी बनकर घूमने वाले एक युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से फर्जी आईडी कार्ड, ‘नेशनल क्राइम कंट्रोल’ का बोर्ड लगा वाहन और मोबाइल जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपित को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
आमातालाब रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस के अनुसार सूचना मिली कि आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक युवक स्वयं को जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर धौंस जमा रहा है। घेराबंदी कर पकड़े गए युवक ने अपना नाम टिकेश्वर नरेटी (28 वर्ष), निवासी ग्राम डांगरा (कांकेर) बताया। उसकी कार के डैशबोर्ड पर नेशनल क्राइम कंट्रोल का लोगो और पदनाम वाला बोर्ड लगा मिला।
आईडी कार्ड निकले फर्जी, पूछताछ में कबूला सच
युवक ने खुद को अधिकारी बताते हुए दो आईडी कार्ड पेश किए, जो जांच में फर्जी पाए गए। नियुक्ति पत्र या वैध दस्तावेज न होने पर जब पुलिस ने कड़ाई की, तो उसने फर्जी अधिकारी होना स्वीकार किया। आरोपित ने बताया कि उसने सितंबर 2025 में कुछ व्यक्तियों के माध्यम से ये कार्ड बनवाए थे और ऑनलाइन भुगतान कर इनकी वैधता बढ़ाता था।
टोल टैक्स बचाने और रौब दिखाने के लिए करता था उपयोग
इन कार्डों का उपयोग वह टोल टैक्स बचाने और रौब दिखाने के लिए करता था। पुलिस ने धोखाधड़ी और फर्जी पहचान के मामले में मामला दर्ज कर आरोपित को जेल भेज दिया है।

