बिलासपुर..तारबाहर थाना क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर संदिग्ध हालत में घूम रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई तारबाहर थाना पुलिस और आरपीएफ बिलासपुर की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कंस्ट्रक्शन कॉलोनी स्थित उर्दू स्कूल ग्राउंड के पास एक व्यक्ति थैला लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तारबाहर थाना पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए व्यक्ति के थैले की तलाशी लेने पर उसमें एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और तीन ट्रेन टिकट बरामद हुए। बरामद सामग्री को मौके पर ही विधिवत जप्त किया गया।
पश्चिम बंगाल का निवासी, आर्म्स एक्ट में केस
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सद्दाम हसन शेख, निवासी कठुआ केसिया मदरसापारा, थाना कठुआ, जिला पूर्व वर्धमान पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना तारबाहर में धारा 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है

