महासमुंद: आज नवरात्रि का चौथा दिन है और छत्तीसगढ़ के सभी मंदिरों में भक्तों की लंबी भीड़ देखने को मिल रही है। इसी बीच महासमुंद के प्रसिद्ध मंदिर खल्लारी माता मंदिर में आज एक बड़ा हादसा हो गया। मंदिर परिसर में संचालित रोपवे का केबल अचानक टूट गया। अब इस घटना में एक महिला की मौत हो गई है। जबकि 16 लोग अभी भी घायल है। जिसमें चार लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, मामला महासमुंद जिले के खल्लारी थानाक्षेत्र का है। आपको बता दें कि खल्लारी मंदिर पहाड़ी पर स्थित है और यहां पहुंचने के लिए रोपवे का इस्तेमाल किया जाता है। रविवार सुबह श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंच रहे थे। इसी दौरान रोपवे का केबल अचानक टूट गया। ट्रॉली बीच रास्ते में झटके से नीचे की ओर आई, जिससे उसमें बैठे लोग घायल हो गए। देखते ही देखते अफरातफरी मच गई।
सीएम साय ने जताया दुख
रोपवे हादसे को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताया और कहा कि इसकी पूरी जांच कराई जाएगी। CM साय ने स्पष्ट कहा कि हादसे के जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

