Breaking news:दिल्ली-NCR के कई स्कूलों को बम धमकी : बच्चों को भेजा गया घर, सेंट स्टीफन कॉलेज को भी आया मेल; पुलिस जांच में जुटी

20250207_103635

Toran Kumar reporter

Delhi Schools Bomb Threat: दिल्ली के स्कूलों में बम की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. शुक्रवार (7 फरवरी) को एक बार फिर से दिल्ली और नोएडा के स्कूलों में बम की धमकी भरी कॉल/ईमेल मिलने की खबर है. इस बार मामला पूर्वी दिल्ली के एलकॉन इंटरनेशनल स्कूल समेत नोएडा के शिव नादर स्कूल का है. बताया जा रहा है कि बम की जानकारी ईमेल के जरिए दी गई है. 

मामला संज्ञान में आते ही पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीमें मौके पर पहुंची और पूरे कैंपस की तलाशी ली. जांच में टीम को कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है. फिलहाल, स्कूल मैनेजमेंट ने सभी बच्चों को घर भेज दिया है और सिक्योरिटी प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए हैं.

स्कूल ने घर वालों को दी जानकारी
नोएडा के स्कूल ने बम की धमकी मिलने के बाद तुरंत बच्चों के अभिभावकों को मेल के जरिए जानकारी दी. मेल में लिखा गया, “प्रिय माता पिता, 
आज सुबह प्राप्त एक ईमेल धमकी के कारण, हम अपने छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आज स्कूल बंद करने के लिए मजबूर हैं. इस संबंध में आपके धैर्य और सहयोग की अत्यधिक सराहना की जाएगी. आगे के निर्देशों और मंजूरी के लिए सक्षम अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है

शिव नादर स्कूल एक्सप्रेस वे थाना इलाके में नोएडा के सेक्टर-168 में स्थित है, जहां धमकी का मेल आया है. स्कूल मैनेजमेंट ने अभिभावकों को मेल के जरिए इसकी जानकारी देते हुए कहा है कि आज स्कूल बंद रहेगा, बच्चों को घर पर ही रखें. वहीं, जो बच्चे स्कूल आ चुके थे, उन्हें सुरक्षित तरीके से घर भेजा जा रहा है. मौके पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम पहुंच चुकी है. इसके अलावा डॉग स्क्वॉड भी जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज के साथ क्लासेज को भी खंगाला जा रहा है. 

सेंट स्टीफन स्कूल को 7.42 पर धमकी
नॉर्थ दिल्ली में भी सेंट स्टीफन कॉलेज को ऐसी ही धमकी का ईमेल आया है. बम की धमकी सुबह 07:42 पर आई है. सेंट स्टीफन के स्कूल कैंपस में भी गहनता से जांच की जा रही है. 

एलकॉन स्कूल को 6.40 पर धमकी
इसके अलावा, मयूर विहार-1 के एलकॉन इंटरनेशनल स्कूल में धमकी मामले में पांडव नगर एसएचओ को फोन कर जानकारी दी गई थी. बताया गया था कि स्कूल के प्रिंसिपल की मेल आईडी पर बम की धमकी मिली है. यह मेल सुबह 6.40 पर आया था. इस जानकरी को कंट्रोल रूम और सीनियर अधिकारियों से शेयर कर दिया गया है. बम स्क्वॉड मौके पर मौजूद है. कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है.

साइबर टीम कर रही ईमेल की जांच
सभी स्कूलों में मिले ईमेल की अब साइबर क्राइम टीम जांच कर रही है. लोगों से अपील की जा रही है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें.

You may have missed