यूपी – मेरठ में मुस्लिम धागा व्यापारी को एनकाउंटर का डर दिखाकर 20 लाख रुपए वसूलने वाले सब इंस्पेक्टर लोकेंद्र साहू और महेश कुमार प्रयागराज से गिरफ्तार !!

उत्तर प्रदेश के मेरठ पुलिस के दो सब-इंस्पेक्टर, लोकेंद्र साहू और महेश कुमार पर आरोप है कि उन्होंने एक धागा व्यापारी इदरीश के बेटे रसिख को फर्जी एनकाउंटर में फंसाने की धमकी देकर उससे 20 लाख रुपये वसूले. पीड़ित की शिकायत के बाद जांच की गई. आरोप सही पाए जाने पर SSP अविनाश पांडे ने दोनों सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ भ्रष्टाचार और अन्य गंभीर आरोपों के तहत FIR दर्ज की. SSP के निर्देश पर आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए तीन स्पेशल पुलिस टीमें बनाई गई हैं.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, FIR दर्ज होते ही दोनों आरोपी सब-इंस्पेक्टर अपने मोबाइल फोन बंद कर थाने से भाग गए. उनकी तलाश के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. इस मामले में लापरवाही और संदिग्ध संलिप्तता के लिए इंस्पेक्टर योगेश चंद्र के खिलाफ डिपार्टमेंटल कार्रवाई भी की गई है.

SSP अविनाश पांडे ने क्या कहा?
SSP अविनाश पांडे ने कहा, “कुछ दिन पहले मेरे संज्ञान में आया कि कुछ लोगों ने पुलिस की वर्दी पहनकर एक धागा व्यापारी से गैर-कानूनी पैसे वसूले थे. इसके बाद धागा व्यापारियों से पुलिस अधीक्षक के सामने पूछताछ की गई, जिसके बाद उन सभी पर नज़र रखी गई. लोहिया नगर थाने में तैनात दो सब-इंस्पेक्टर लोकेंद्र साहू और महेश कुमार की पहचान हुई है. उनके खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है और लोहिया नगर में तैनात स्टेशन थानाध्यक्ष की भूमिका की भी जांच की जा रही है. दोनों सब-इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.”

क्या है पूरा मामला
दरअसल, हाल ही में मेरठ के लोहिया नगर थाना इलाके में एक धागा व्यापारी से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था. धागा व्यापारी इदरीश के बेटे रसिख ने आरोप लगाया कि थाने में तैनात दो सब-इंस्पेक्टर लोकेंद्र साहू और महेश कुमार ने उसे फर्जी एनकाउंटर की धमकी देकर 20 लाख रुपये वसूल लिए. इसके बाद धागा व्यापारी ने SSP ऑफिस जाकर न्याय की गुहार लगाई. इस गुहार के बाद आरोपी पुलिसवालों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.