
मनाली में घूमने के लिए आई एक बच्ची के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। यहां बच्ची अपने पूरे परिवार के साथ आई हुई थी। इसी दौरान जिप लाइन पर लटकते समय अचानक केबल टूट गई। इस हादसे के बाद बच्ची 30 फीट नीचे खाई में गिर गई। इस हादसे में बच्ची को गंभीर चोट लगी हुई है। हादसे के बाद बच्ची को पहले मनाली और फिर चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया। वहीं अब उसे नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्ची को जिप लाइन से नीचे गिरते हुए देखा जा सकता है।
गर्मी की छुट्टी मनाने आया था परिवार
दरअसल, नागपुर से मनाली घूमने के लिए गए एक पर्यटक परिवार के साथ भयंकर हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक नागपुर के रहने वाले प्रफुल्ल बिजवे अपनी पत्नी और बेटी त्रिशा के साथ गर्मी की छुट्टी मनाने मनाली गए थे। बीते सप्ताह 8 जून रविवार को प्रफुल्ल बिजवे की बेटी त्रिशा जिप लाइन से लटक कर एक पहाड़ी से दूसरी पहाड़ी की ओर जा रही थी। इसी बीच अचानक जिप लाइन की केबल टूट गई। इसके बाद त्रिशा 30 फीट से निचे गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में त्रिशा के पांव में गंभीर चोट आई है।
सामने आया हादसे का वीडियो
वहीं हादसे के बाद त्रिशा को आनन-फानन में मनाली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कोई राहत नहीं मिलने पर उसे चंडीगढ़ में भी भर्ती कराया गया। इसके बाद अब उसे नागपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां त्रिशा का इलाज चल रहा है। वहीं त्रिशा के परिजनों ने जिप लाइन के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की बात कही। परिवार का कहना है कि उन्हें कोई मदद नहीं मिली। इस हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।