Raipur Steel Plant: रायपुर में स्टील प्लांट में बड़ा हादसा, ब्लास्ट से भरभराकर गिरी छत; 6 कर्मचारियों की मौत…कई घायल

राजधानी रायपुर के धरसींवा थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी स्टील फैक्ट्री में शुक्रवार को एक भयानक हादसा हुआ। निर्माणाधीन प्लांट का एक हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे मलबे में दबकर छह मजदूरों की जान चली गई। इसके अलावा छह से सात मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं, लेकिन अभी तक फैक्ट्री प्रबंधन या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। मृतकों की सटीक संख्या और घटना के कारणों का पता चलाने के लिए जांच जारी है।

मलबे में दबे मजदूरों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन तुरंत शुरू कर दिया गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

फैक्ट्री के इस हादसे ने इलाके में भारी चिंता और शोक की लहर फैला दी है। पुलिस और प्रशासन पूरी तत्परता के साथ मामले की जांच कर रहे हैं और घायलों के इलाज में सहायता प्रदान कर रहे हैं। जल्द ही इस घटना के संबंध में और जानकारी जारी की जाएगी।