Toran Kumar reporter


बैतूल। जिले के बैतूल-भोपाल हाईवे पर शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। नागपुर से भोपाल जा रही एक यात्री बस भौरा के पास बेकाबू होकर पलट गई। इस हादसे में 28 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 8 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को शाहपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के वक्त बस में सवार सभी यात्री गहरी नींद में सोए हुए थे।
बस में सवार थे 32 यात्री

जानकारी के मुताबिक, ये घटना रात करीब ढाई बजे की है। भोपाल ट्रैवल्स की बस धपाड़ा जोड़ के पास मोड़ पर ड्राइवर का नियंत्रण खोने के कारण पलट गई। हादसे के समय बस में 32 यात्री सवार थे, जिसमें से 28 यात्री घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। वहीं 20 घायलों को शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया। जबकि 8 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया।

बस को क्रेन से हटाया गया
इस बस में यात्रा कर एक यात्री ने बताया कि जिस समय हादसा हुआ। बस में सवार सभी यात्री गहरी नींद में सोए हुए थे। यात्रियों को झटके के साथ बस के पलटने का अहसास हुआ। झाड़ियों में गिरने के बाद यात्रियों ने चीख-पुकार मचाई। सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए तत्काल व्यवस्था की गई। साथ ही क्रेन की मदद से बस को हाईवे से हटाने का काम किया गया, जिससे यातायात बहाल हो सका। शाहपुर पुलिस इस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ड्राइवर की लापरवाही और तेज गति हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।