लखनऊ चिड़ियाघर में भयावह हादसा, सूरज नामक कर्मचारी को हिप्पो ने मौत के घाट उतारा!

Toran Kumar reporter

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित प्राणी उद्यान चिड़िया घर में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। चिड़िया घर में काम करने वाले कर्मचारी की मौत हो गई है। इस घटना से परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक कर्मचारी हिप्पो के बाड़े में सफाई करने के लिए गया था, जहां हिप्पो ने अचानक कर्मचारी सूरज पर जानलेवा हमला कर दिया। उस हमले में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई है। इसके बाद घर से लेकर चिड़िया घर तक में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतक सूरज के रिश्तेदार विकास ने बताया कि सूरज सुबह ड्यूटी पर गया था। हम लोगों को चिड़िया घर के कर्मचारियों ने बताया कि आप लोग सिविल अस्पताल आ जाइये। अस्पताल आने के बाद पता चल रहा है कि सूरज की मौत हो गई है।

विकास ने बताया कि कर्मचारियों के अनुसार सूरज हिप्पो के बाड़े में गए थे। एकदम से हिप्पो ने सूरज पर अटैक कर दिया। उसी में दर्दनाक तरीके से मौत हो गई है। सूरज शादी शुदा है, उनकी पत्नी के अलावा एक बेटा और बेटी भी है। सूरज ही परिवार का पालन पोषण करते थे। अब उनकी मौत के बाद कोई भी कमाने वाला नहीं बचा है।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले कानपुर चिड़ियाघर से हिप्पो को लखनऊ चिड़िया घर लाया गया था। सूरज करीब 12 साल से चिड़िया घर मे सफाई का काम करते थे उन्हें 5500 रुपए महीना सैलरी मिलती थी। सूरज अपने परिवार के साथ कंपवेल रोड बरौरा थाना ठाकुरगंज में रहते थे

वहीं चिड़िया घर की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, बीते दिनों एक मादा दरियाई घोड़ा इंद्रा को कानपुर से लखनऊ चिड़ियाघर में लाया गया था उसे कुछ दिन आइसोलेशन में रखने के बाद बाड़े में शिफ्ट कर दिया गया था। वहीं घटना के बाद कर्मचारियों में भी दहशत हो गई है। हिप्पो को फिर आइसोलेशन में शिफ्ट कर दिया गया है। जांच की जा रही है।

Leave a Reply