गाजियाबाद:ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई, नेता का बेटा अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार..Video

Uttar Pradesh: गाजियाबाद क्राइम ब्रांच की टीम ने पुलिस कमिश्नर जे रविंद्र गौड़ के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के सौदागरों पर शिकंजा कसा है। इंस्पेक्टर अनिल राजपूत के नेतृत्व में स्वाट (SWAT) टीम ने वेवसिटी थाना क्षेत्र में विशेष घेराबंदी कर एक लग्जरी कार को रोका। जिसके बाद उनकी तलाशी लेने पर 3 अवैध हथियार पुलिस ने बरामद किए।

बता दें, कार में सवार एक स्थानीय नेता का बेटा और उसके दो साथी संदिग्ध पाए गए। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन कंट्री मेड पिस्टल बरामद हुईं। पुलिस ने मौके पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि ये हथियार कई आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किए जाने वाले थे।

पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि हथियारों की सप्लाई चैन और इनके स्रोत का पता लगाया जा सके। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ चेतावनी के तौर पर की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की सघन छापेमारी से गाजियाबाद में अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और जनता के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। भविष्य में भी ऐसे ऑपरेशन जारी रहेंगे ताकि अवैध हथियार और अपराधी कानून की पकड़ में आएं।

नेता के बेटे सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋषिक त्यागी (24 वर्ष), निवासी घूकना सिहानी थाना नंदग्राम, पवन कुमार (26 वर्ष), निवासी सेक्टर-34, गौतमबुद्ध नगर (मूल निवासी जिला सीतापुर), आदित्य राय (24 वर्ष), निवासी सिहानी थाना नंदग्राम के रूप में हुई है। इनमें से एक आरोपी स्थानीय राजनीति से जुड़े प्रभावशाली परिवार का बेटा बताया जा रहा है।