Raipur news:साइबर थाना रायपुर द्वारा आपरेशन साइबर शील्ड अंतर्गत डिजिटल अरेस्ट के दो अलग अलग मामलों में धोखाधड़ी में संलिप्त कंबोडिया गैंग के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।

रायपुर रेंज साइबर थाना की टीम ने डिजिटल अरेस्ट ठगी में शामिल कंबोडिया गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपराध करने के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में छिपे हुए थे, जहां से उन्हें दबोचा गया। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश पर की गई।

दो मामलों में करोड़ों की ठगी
केस 1: पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में रामेश्वर प्रसाद देवांगन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कुछ ठगों ने खुद को सीबीआई और आरबीआई का अधिकारी बताकर उन पर मनी लॉन्ड्रिंग केस दर्ज होने की झूठी बात कही। आरोपियों ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर “डिजिटल अरेस्ट” कर उन्हें 14 लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाया। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) बीएनएस, 66(D) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

केस 2: इसी तरह पुरानी बस्ती थाना में संतोष दाबडघाव ने रिपोर्ट दर्ज कराई की अज्ञात मोबाइल नंबर धारकों ने खुद को दूरसंचार विभाग बंगलौर और मुंबई पुलिस का होना बताकर प्रार्थी के नाम से संचालित मोबाइल नंबर के विरुद्ध मनी लॉन्ड्रिंग का अपराधिक मामला दर्ज होने की झूठी बात बताकर डराया और 24 घंटे व्हाट्सएप वीडियो कॉल में जुड़े रहने बोलकर डिजिटल अरेस्ट कर 88 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। इस मामले में भी धारा 318(4), 3(5) बीएनएस, 66(D) आईटी एक्ट पंजीकृत किया गया।

पुलिस महानिरीक्षक (रायपुर रेंज) अमरेश मिश्रा ने इन मामलों की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना रायपुर को तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर मुख्य आरोपियों की पहचान करने का निर्देश दिया। जांच करते हुए रेंज साइबर थाना रायपुर द्वारा प्रकरण में संलिप्त सभी आरोपियों की पहचान की गई। आरोपी घटना के बाद अलग-अलग राज्यों में छिप गए थे। जिसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र भेजी गई।

इस दौरान प्रार्थियों को कॉल करने में शामिल आरोपी मनीष पाराशर और अर्जुन सिंह को हाथरस उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। धोखाधड़ी से प्राप्त रकम को इधर-उधर करने में शामिल आरोपी आकाश तुशरानी, राहुल मरकड़ को उल्हासनगर मुंबई, अहमदनगर महाराष्ट्र और लखन जाटव को उज्जैन मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

मनीष पाराशर (27 वर्ष ) – गोकुलपुरी, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली

अर्जुन सिंह (25 वर्ष ) – हाथरस, उत्तर प्रदेश

राहुल मर्कड (40 वर्ष ) – अहमदनगर, महाराष्ट्र

आकाश तुषरानी (33 वर्ष ) – उल्हासनगर, ठाणे (महाराष्ट्र)

लखन जाटव (36 वर्ष ) – उज्जैन, मध्य प्रदेश