बिहार दरभंगा में 3 साल की बच्ची से रेप, ICU में भर्ती; जिले में 48 घंटे के अंदर मासूम से रेप का ये दूसरा मामला,

Toran Kumar reporter

दरभंगा में 3 साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया है। बच्ची की हालत गंभीर है। उसे DMCH के गायनिक विभाग के ICU में एडमिट कराया गया है। घटना केवटी थाना क्षेत्र के एक गांव की है।

जिले में 48 घंटे के अंदर मासूम बच्चियों से रेप का ये दूसरा मामला है। इससे पहले मंगलवार (11 फरवरी) को 6 साल की लड़की के साथ दरिंदगी हुई थी।

घटना गुरुवार की शाम साढ़े छह बजे की है। पुलिस को इसकी जानकारी 9 बजे के बाद मिली। आरोपी का घर पीड़िता के घर से सिर्फ 100 मीटर की दूरी पर है।

आरोपी ने मासूम को उसके घर के बाहर से उठाया था। बच्ची के साथ खेलने का बहाना करके गोद में उठाकर ले गया और घर से थोड़ी दूर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। जिसके बाद वो फरार हो गया था।

हालांकि, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 35 साल के आरोपी सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। वारदात की जानकारी के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

बच्ची की मां ने बताया-

बेटी घर के पास ही खेल रही थी। पड़ोस की एक महिला का भाई कुछ दिनों से उसके घर आया था। वो ही मेरी बेटी को उठाकर लेकर चला गया। बाद में आरोपी के घर की बच्ची ने मासूम को रोता-बिलखता देखा, तो उठाकर घर ले आई। तब हम लोगों को जानकारी हुई कि उसके साथ दरिंदगी हुई है।

गांव वालों ने आरोपी को पुलिस को सौंपा

बच्ची के परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। इसके बाद एक टीम अस्पताल पहुंची। दूसरी टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। दरअसल, वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को तत्काल गांव के लोगों ने पकड़ लिया था और पुलिस के आने के बाद उसे सौंप दिया। शुक्रवार सुबह से पीड़ित परिवार के गांव के लोगों में आक्रोश है। लोगों ने आरोपी को सख्त सजा देने की मांग की है।

15 दिन पहले अपनी बहन के घर आया था आरोपी

आरोपी सुनील कुमार के बारे में बताया जा रहा है कि वो जाले थाना क्षेत्र का रहने वाला है। बच्ची के गांव में आरोपी की बहन का ससुराल है। आरोपी करीब 15 दिन पहले अपनी बहन के ससुराल आया था और यहां रह रहा था। बताया जा रहा है कि पीड़ित और आरोपी दोनों का परिवार पेशे से मजदूर हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही SSP जगुनाथ रेड्डी ने तत्काल सिटी SP अशोक कुमार चौधरी समेत पुलिस टीम को मौके पर भेजा। गांव में FSL की टीम को भी बुलाया गया है।