गाम्बिया के पास प्रवासी नाव पलटने से 7 लोगों की मौत, दर्जनों लापता।

Migrant Boat Capsized : पश्चिम अफ्रीका के देश गाम्बिया के समुद्री तट के पास एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया है। इस हादसे में कम से 7 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग अभी भी लापता हैं। हादसे का शिकार हुई नाव गाम्बिया के तट से दूर एक प्रमुख प्रवासी मार्ग पर 200 से अधिक यात्रियों को ले जा रही थी, जो यूरोप पहुंचने की कोशिश कर रहे थे।

गाम्बिया के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक गुरुवार की आधी रात उत्तरी तट क्षेत्र में एक गांव के पास ये हादसा हुआ। खबर लिखे जानें तक 7 शव बरामद किए गए हैं और कम से कम 96 लोगों को बचाया गया है, जिनमें से कई गंभीर रूप से घायल हैं। गाम्बियाई नौसेना ने आधी रात के बाद खोज और बचाव अभियान शुरू किया, जिसमें कई नौसैनिक पोतों के साथ-साथ सहायता के लिए मछली पकड़ने वाली नाव को भी तैनात किया गया।

मरने वालों में कई लोग गैर-गाम्बियाई नागरिक हैं। अधिकारी उनकी पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। नाव बाद में रेत के एक टीले पर फंसी हुई मिली। गाम्बिया से कई लोग नाव के जरिए स्पेन के कैनरी आइलैंड्स जाने की कोशिश करते हैं, क्योंकि वहां से यूरोप जाना आसान लगता है। ये नावें अक्सर पुरानी और ज्यादा लोगों से भरी होती हैं, इसलिए खतरा बहुत ज्यादा होता है।