बिहार के बांका में चार वर्ष पुराने भूमि विवाद को लेकर दो पक्षो में चल रही तनातनी शनिवार को देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के ऊपर बम से हमला कर दिया। जिसमें एक शख्स की मौत हो गई और तीन जख्मी हो गए हैं। घटना का जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं घायलों को निकट के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
3 एकड़ 70 डेसीमल भूमि पर कब्जे को लेकर लड़ाई
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना बांका थाना के लिखनिखोजी के कुशहा की है। बताया जा रहा है कि संजय यादव के परिवार और दूसरे पक्ष के रमेश यादव, कपिल देव यादव सहित कुछ अन्य लोगों के बीच 3 एकड़ 70 डेसीमल भूमि पर कब्जे को लेकर लड़ाई चल रही थी। फिलहाल मामला थाना होते हुए न्यायालय तक गया। इस बीच दूसरे पक्ष के रमेश यादव और कपिल देव यादव के कुछ लोगों द्वारा जबरदस्ती विवादित भूमि पर खेती करने की कोशिश कर रहे थे। दो दिन पहले विवादित जमीन की जुताई की थी। शनिवार को भी रमेश यादव और कपिल यादव अपने लोगों को लेकर विवादित भूमि पर काम करने के लिए गए। इस पर संजय यादव और उसके भाई ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
करीब 30 देसी बम फेंके गएसंजय और उनके भाईयों के द्वारा रोकने की कोशिश करने पर दूसरे पक्ष की ओर से देसी बम से हमला कर दिया। करीब 30 देसी बम फेंके गए। जिसमें से एक बम संजय यादव की गर्दन पर सीधा लगा। जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि संजय यादव के भाई सहित तीन लोग घायल हो गए। घटना के कुछ देर बाद बांका पुलिस भी पहुँची और शव के साथ ही जख्मी सभी भाइयों को सदर अस्पताल लाया गया। जख्मियों का इलाज सदर अस्पताल में हुआ। वहीं संजय का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही पुलिस: थानाध्यक्ष
थानाध्यक्ष ने बताया कि खूनी झड़प में संजय यादव नाम के व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि उसके तीन भाई जख्मी हैं। जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। झड़प के पीछे का कारण पुराना भूमि विवाद बताया जा रहा है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमरी कर रही है।